जलपाईगुड़ी, जिले के राजगंज में चुनावी सभा के दौरान तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस की प्रत्याशी स्वप्ना बर्मन को नामांकन दाखिल करने से रोकने के लिए सुनियोजित बाधा खड़ी की गई, जिसके चलते पार्टी को अदालत का रुख करना पड़ा।

अभिषेक बनर्जी ने भावुक स्वर में कहा कि एक पितृहीन प्रत्याशी को कोर्ट तक घसीटा गया, लेकिन जनता के समर्थन से वे जीत हासिल करेंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि स्वप्ना बर्मन करीब 40 हजार वोटों के अंतर से जीतेंगी और खगेश्वर राय के अधूरे कामों को पूरा करेंगी। उन्होंने राजगंज के विकास को लेकर भी कई घोषणाएं कीं।

उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद छह महीने के भीतर यहां फायर ब्रिगेड की व्यवस्था शुरू की जाएगी। कोलकाता हाई कोर्ट के सर्किट बेंच को इस क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताया। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने ‘बाहरी उम्मीदवार’ का मुद्दा उठाया और कहा कि पार्टी ने राजगंज में बाहरी चेहरों को उतारा है।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मुद्दे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि समुद्र से चार बाल्टी पानी निकालने से समुद्र सूखता नहीं है। किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज बनाने का वादा करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत के बाद सभी विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।