झाड़ी में मिला युवक का अधजला शव
पलामू, पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के छिपादोहर के
सोनपुरवा टांड़ के पास रोड किनारे झाड़ी से एक अज्ञात युवक का अधजला शव
मंगलवार को बरामद किया गया। युवक की कमर के ऊपरी भाग जला हुआ था। इस कारण
उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। अगल-बगल के लोगों से भी पूछताछ की गई लेकिन
किसी ने पहचान नहीं की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच में
लाया गया है। अगल-बगल के थानों से संपर्क किया गया है। सीमावर्ती जिलों से
भी जानकारी जुटायी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने
जानकारी दी की मंगलवार शाम 5.50 बजे सूचना प्राप्त हुई कि एक 20-22 वर्ष के
युवक का अधजला शव पड़ा हुआ है। सूचना के आलोक में विश्रामपुर थाना से एक
टीम मौके पर भेज कर मामले में जांच की गई और शव को कब्जे में लिया गया।
अगल-बगल के लोगों से पहचान करने की कोशिश की गई लेकिन किसी ने उसकी शिनाख्त
नहीं की। पुलिस अधीक्षक के अनुसार शव की लंबाई 5 फ़ीट 3 इंच है। उजाला कलर
का चेकदार फुल शर्ट, काले रंग का जींस पैंट और उजले रंग का जूता पहने हुए
है।
इधर, विश्रामपुर थाना प्रभारी ने इस संबंध में किसी तरह की
जानकारी मिलने पर मोबाइल नंबर 7004918942, 8271991429 और 9334436106 पर
सूचना देने की अपील की है।














