चंडीगढ़, चंडीगढ़ के सेक्टर 37 में पंजाब पुलिस तथा केंद्रीय सुरक्षा बलाें के पहरे में रहने वाले पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर बुधवार की शाम जोरदार धमाका हुआ। धमाके में किसी तरह का जानी नुकसान तो नहीं हुआ है लेकिन इमारत के शीशे टूट गए और एक वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। जिस स्थान पर धमाका हुआ है, वहां आसपास कई अन्य संस्थान हैं, जहां लोगों का आवागमन जारी रहता है। चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरप्रीत कौर समेत तमाम आला अधिकारी धमाके की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीमों ने घटनास्थल से सैंपल लिए हैं।

पंजाब भाजपा के मीडिया प्रभारी विनीत जोशी ने बताया कि बुधवार की शाम करीब सवा पांच बजे भाजपा मुख्यालय के बाहर जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके के कारण खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में कई जगह सुराख बन गए। प्रारंभिक तौर पर यह छर्रे के निशान लग रहे हैं। जोशी ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में सूचना दी गई, जिसके बाद एसएसपी के अलावा तमाम आला अधिकारी, एफएसएल की टीमें मौके पर पहुुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भाजपा मुख्यालय के बाहर खड़ी स्कूटी के पास यह धमाका हुआ है। यह स्कूटी सुबह नौ बजे से कार्यालय के बाहर खड़ी थी।

चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया है कि पंजाब प्रदेश भाजपा दफ्तर के बाहर शाम करीब 5 बजे धमाका हुआ है। एक एक्टिवा दिखाई दे रही है। धमाके के बाद पार्टी दफ्तर की दीवार पर करीब 70 से 80 छर्रे लगे जैसे निशान हैं। पास में खड़ी एक गाड़ी का शीशा भी टूटा हुआ है। मामले की पूरी जांच की जा रही है। पूरे इलाके को पुलिस को सील करके जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि एफएसएल टीमों ने घटनास्थल से सैंपल लिए हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।