बेरूत के दक्षिणी हिस्से में इजराइल का हवाई हमला
बेरूत, पश्चिम एशिया में एक माह से अमेरिका-इजराइल और ईरान के
बीच जारी युद्ध के बीच बुधवार तड़के तनाव फिर गहरा हो गया। इजराइली सेना
ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगर दहिये पर हवाई हमला किया। यह
इलाका हिज्बुल्लाह का प्रमुख गढ़ माना जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के
अनुसार, जोरदार धमाकों से पूरा शहर दहल उठा और हमले के बाद इलाके से घना
धुआं उठता देखा गया।
तुर्किए की समाचार संस्था अनाडाेलू एजेंसी (एए)
के अनुसार, इजराइली सेना ने बुधवार तड़के लेबनान की राजधानी बेरूत के
दक्षिणी हिस्से स्थित दहिये जिले पर हवाई हमला किया। जिसकी धमाकों की
आवाजें लेबनान की राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में सुनाई दीं। जिस जगह
पर हमला हुआ था, वहां से धुआं उठता हुआ देखा गया।
इससे पहले रात
में, इजराइली सेना ने दहिये के जनाह इलाके में वाहनों को भी निशाना बनाया
था; इस इलाके को हिज्बुल्लाह का गढ़ माना जाता है। शुरुआती रिपोर्टों के
अनुसार, उस हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए।
दहिये को हिज्बुल्लाह के प्रमुख गढ़ के रूप में जाना जाता है, जिसे इजराइल ने बार-बार निशाना बनाया है।
नवंबर,
2024 में लागू हुए संघर्ष विराम के बावजूद 2 मार्च को हिज्बुल्लाह द्वारा
सीमा पार से किए गए हमले के बाद इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में हवाई हमले और
जमीनी कार्रवाई की है। मार्च की शुरुआत से ही हिज्बुल्लाह ने इजराइल पर
रॉकेटों की बौछार की है। हिज्बुल्लाह का कहना है कि ये हमले लेबनान पर
इजराइल के लगातार हमलों और 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हवाई
हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की माैत के जवाब में
किए गए हैं।
लेबनानी अधिकारियों का कहना है कि इजराइली हमलों में अब तक कम-से-कम 1,247 लोग मारे गए हैं और 3,690 लोग घायल हुए हैं।















