एसएसबी ने 494.4 लीटर नेपाली शराब के साथ 3 बाइक को किया जब्त
सुपौल, 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल बीरपुर के अंतर्गत
सीमा चौकी कटैया एवं नियोर द्वारा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर
सतर्कता एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 494.4 लीटर नेपाली शराब के साथ 3
मोटरसाइकिल को जब्त किया है। इस संबंध में गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं
वाहिनी, बीरपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना
प्राप्त हुई थी कि सीमा क्षेत्र में तस्करी की संभावना है। प्राप्त सूचना
के आधार पर सीमा चौकी कटैया एवं बिहार पुलिस के साथ संयुक्त रूप से एक
विशेष नाका पार्टी का गठन कर सीमा स्तम्भ संख्या 207/9 के समीप घात लगाकर
निगरानी की गई। कुछ समय पश्चात संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पार्टी
द्वारा पीछा किया गया, परंतु तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे।
घटनास्थल
की तलाशी लेने पर एक बोरी में रखा 108 लीटर नेपाली शराब बरामद किया गया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए जब्त शराब को थाना भीमनगर, जिला सुपौल को
सुपुर्द किया गया।
इसी क्रम में 01 अप्रैल को सीमा चौकी नियोर
द्वारा विशेष पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान 386.4 लीटर नेपाली शराब के साथ 03
मोटरसाइकिल जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर शराब
एवं मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकले। आवश्यक कानूनी कार्रवाई उपरांत जब्त
शराब एवं मोटरसाइकिल को थाना आंधरामठ, जिला मधुबनी (बिहार) को सुपुर्द किया
गया।
इस अभियान में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण
सिंह, मुख्य आरक्षी मिथुन कुमार तथा बिहार पुलिस के उप निरीक्षक मनीष कुमार
सहित अन्य जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
45वीं वाहिनी, सशस्त्र
सीमा बल द्वारा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में तस्करी एवं अन्य
अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु सतत एवं प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है।















