अररिया  भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 27 पर हरियाबाड़ा टोल प्लाजा में टोल टैक्स में वृद्धि की गई है।आज से छोटे वाहनों से लेकर बड़े वाहनों तक में 5 रूपये से लेकर 20 रूपये की बढ़ोतरी की गई है।यह नई दरें आज 1 अप्रैल से प्रभावी हो गई हैं।भारतीय राजमार्ग प्राधिकरण के वार्षिक संशोधन सत्र के तहत विभिन्न वाहनों की टोल दरों में बढ़ोतरी की गई है, जिससे छोटे वाहनों से लेकर भारी ट्रकों तक के मालिकों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।

हरियाबाड़ा टोल प्लाजा के टोल मैनेजर अजय यादव ने बताया कि नियमित यात्रियों के लिए मासिक पास का शुल्क अब 340 रुपये से बढ़कर 350 रुपये हो गया है।साथ ही टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। अब फास्टैग, यूपीआई या अन्य डिजिटल माध्यमों से टोल चुकाने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। टोल कर्मियों द्वारा वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।

टोल मैनेजर अजय यादव ने कहा कि सभी लेन में फास्टैग और यूपीआई को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे भुगतान प्रक्रिया तेज होगी और वाहनों की लंबी कतारें कम होंगी। डिजिटल लेनदेन से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि टोल संग्रह में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।