कोलकाता, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण का मतदान गुरुवार सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

पहले चरण के मतदान के लिए राज्य भर में कुल 44 हजार 376 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए केंद्रीय बलों की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुबह मतदान शुरू होने से पहले कई बूथों पर मॉक पोलिंग भी कराई गई, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के पोलिंग एजेंट मौजूद रहे।

चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण के मतदान में करीब पांच लाख मतदान कर्मियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा लगभग नौ से 10 हजार बूथों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

इसी बीच पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया में मतदान से पहले इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को लेकर विवाद सामने आया है। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी में ईवीएम बिना सुरक्षा के रखी गई थी और वहां कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था।

चुनाव आयोग और प्रशासन ने पूरे राज्य में कड़ी निगरानी और सुरक्षा के बीच मतदान प्रक्रिया जारी रहने की बात कही है।