पीएम के खिलाफ आपत्तिजनक इंस्टाग्राम कंटेंट पर शिमला में शिकायत, पुलिस से कार्रवाई की मांग
शिमला, राजधानी शिमला में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के
खिलाफ कथित आपत्तिजनक और अभद्र भाषा वाले वीडियो को लेकर शिकायत सामने आई
है। पेशे से अधिवक्ता विक्रांत सिंह चौहान ने इस मामले में पुलिस को लिखित
शिकायत सौंपकर संबंधित इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
है। यह शिकायत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिमला अभिषेक धीमान को
सौंपी गई, जिसके बाद मामले ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना लिया है।
शिकायत
में कहा गया है कि इंस्टाग्राम पर “adu.saklani” नाम की आईडी से
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से गाली-गलौज और अपमानजनक
भाषा से भरे वीडियो पोस्ट किए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन वीडियो
में प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां की गई हैं।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह का कंटेंट देश की अस्मिता और
सार्वजनिक मर्यादा के खिलाफ है।
विक्रांत सिंह चौहान ने अपनी शिकायत
में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट के हजारों
फॉलोअर्स हैं और इसके कई वीडियो धर्मशाला तथा आसपास के क्षेत्रों में
फिल्माए गए प्रतीत होते हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने
वाला ऐसा कंटेंट समाज, खासकर युवाओं और स्कूली बच्चों पर गलत प्रभाव डाल
सकता है। उन्होंने चिंता जताई कि इस तरह के वीडियो देखकर दूसरे युवा भी इसी
प्रकार की सामग्री बनाने के लिए प्रेरित हो सकते हैं।
शिकायत के
साथ संबंधित इंस्टाग्राम प्रोफाइल और वीडियो रील के लिंक भी पुलिस को
उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही कथित वीडियो की डाउनलोड की गई कॉपी भी शिकायत
पत्र के साथ सौंपी गई है, ताकि पुलिस मामले की जांच कर सके। शिकायतकर्ता ने
पुलिस से आग्रह किया है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई
की जाए।
फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत के आधार पर मामले की जांच की
जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और
उपलब्ध कराए गए डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की
जाएगी।














