पलामू, नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर चतरा के सांसद कालीचरण सिंह बुधवार को गढ़वा पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में उन्होंने गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के साथ संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता की। उन्होंने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

सांसद कालीचरण ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा 16 और 17 अप्रैल को सदन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पेश किया गया था, लेकिन विपक्षी दलों के विरोध के कारण इसे पारित नहीं किया जा सका।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, राजद, टीएमसी, सपा, जेएमएम सहित अन्य विपक्षी पार्टियों ने महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण के इस महत्वपूर्ण विधेयक को गिराने का काम किया, जो महिलाओं के अधिकारों का अपमान है।

उन्होंने कहा कि एक ओर विपक्षी दल महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे महत्वपूर्ण बिल का विरोध करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि यह विधेयक पारित हो जाता, तो देश की महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण का सीधा लाभ मिलता।

इस अवसर पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि केंद्र में पूर्ण बहुमत नहीं होने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका। उन्होंने महिलाओं से जागरूक होने और भाजपा को मजबूत करने की अपील की, ताकि भविष्य में ऐसे विधेयक आसानी से संसद में पारित हो सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दलों के इस रुख से महिलाओं में आक्रोश है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक प्रभाव देखने को मिल सकता है।

इससे पहले गढ़वा पहुंचने पर भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा सहित अन्य भाजपा नेताओं ने सांसद का बुके देकर स्वागत किया।

मौके पर भाजपा नेता विवेकानंद तिवारी उर्फ रिंकू तिवारी, जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा, उमेश कश्यप, अरविंद कुमार तूफानी, लातेहार जिला प्रभारी मुकेश निरंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।