रांची में 1 से 3 मई तक सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला, राज्यपाल करेंगे शुभारम्भ
रांची, रांची के सांसद और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने
घोषणा की है कि आगामी 1, 2 और 3 मई को रांची के ऑड्रे हाउस में सांसद
सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया
कि इस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
सांसद संजय सेठ ने
बुधवार को अरगोड़ा स्थित सांसद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा
कि यह आयोजन स्वदेशी उत्पादों और भारतीय कला-संस्कृति का एक अनूठा संगम
होगा। इस महोत्सव का उद्घाटन राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे।
उन्होंने
बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” और
“आत्मनिर्भर भारत” के विजन से प्रेरित है। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों,
पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है।
महोत्सव में
झारखंड सहित विभिन्न राज्यों की जनजातीय और क्षेत्रीय सांस्कृतिक
प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही स्वदेशी उत्पादों के लिए 150 निःशुल्क स्टॉल
लगाए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टॉल धारकों को पुरस्कृत भी
किया जाएगा। श्रीअन्न (मिलेट्स) और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वालों
को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस आयोजन में भारत
सरकार के संगीत नाटक अकादमी और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से देशभर के
कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अब तक 50 से अधिक स्कूल और कॉलेजों की
भागीदारी सुनिश्चित हो चुकी है।
कार्यक्रम में दिन के समय
सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न
राज्यों के कलाकार मंच पर प्रस्तुति देंगे। कुल तीन मंचों का निर्माण किया
जा रहा है।
महोत्सव की औपचारिक शुरुआत 24 अप्रैल को शाम 4 बजे ऑड्रे हाउस परिसर में स्कूली बैंड की प्रस्तुति के साथ होगी।
प्रतियोगिता
में जनजातीय नृत्य, सामूहिक नृत्य, लघु नाटिका, क्लासिकल नृत्य, पाश्चात्य
सामूहिक संगीत और सामूहिक गीत जैसी सात विधाओं को शामिल किया गया है।
प्रस्तुतियों का समय 5 से 15 मिनट निर्धारित किया गया है।
विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को मेडल, सर्टिफिकेट और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
समापन
समारोह में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति
रहेगी। इसके अलावा कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सांसद अनुराग ठाकुर
सहित पद्मश्री मुकुंद नायक, मधु मंसूरी और महावीर नायक जैसे प्रतिष्ठित
कलाकारों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।














