मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच बदले मौसम के तेवर, चार दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं
भोपाल, मध्य प्रदेश में इस बार मई की शुरुआत से ही मौसम के तेवर
बदले नजर आए। मई में तेज गर्मी के बजाय आंधी, बारिश की स्थिति बनी है।
सोमवार को प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में कहीं ओले गिरे तो कहीं तेज हवाओं
के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम का यह बदलाव मंगलवार को भी जारी रहने की
संभावना है।
मौसम विभाग ने राज्य के 39 जिलों में 40 से 60 किमी
प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबलपुर,
कटनी, सिंगरौली, सीधी, शहडोल और उमरिया जिलों में हवाओं की रफ्तार सबसे
अधिक रहने का अनुमान है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा,
नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना,
भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी,
पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर,
टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं,
इंदौर-उज्जैन संभाग के इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा,
खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम और
हरदा जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि सिस्टम के असर से
कुछ जगहों पर बदलाव संभव है।
आंधी-बारिश के बीच प्रदेश के कुछ
हिस्सों में गर्मी का असर भी बना हुआ है। सोमवार को रायसेन में अधिकतम
तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जो लगातार दूसरे दिन इतना ही रहा। इसके
अलावा खरगोन में 43 डिग्री, खंडवा में 42.1 डिग्री, मंडला में 41.9 डिग्री,
नरसिंहपुर में 41 डिग्री, बैतूल में 40.7 डिग्री, रतलाम में 40.5 डिग्री,
छिंदवाड़ा में 40.2 डिग्री और शाजापुर में 40.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
दूसरी
ओर, खजुराहो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 33.8 डिग्री दर्ज
किया गया, जो पचमढ़ी से भी कम है। दतिया में 34.8 डिग्री और टीकमगढ़ में
35.5 डिग्री तापमान रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर का तापमान 34.8 डिग्री
रहा, जबकि इंदौर में 38.2, उज्जैन में 39, जबलपुर में 40 और भोपाल में 40.4
डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को रीवा और आगर-मालवा में बारिश के साथ ओले
भी गिरे, जबकि 15 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का असर देखने को मिला।
मौसम
विभाग के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो ट्रफ
लाइनों के गुजरने के कारण यह मौसम बना हुआ है। इसी वजह से कहीं तेज हवाएं
चल रही हैं तो कहीं ओले और बारिश हो रही है। 8 मई तक ऐसे ही मौसम के बने
रहने का अनुमान है।














