झारखंड में 11 मई तक बारिश-वज्रपात का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी
रांची (RANCHI): झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. बारिश के बाद तेज धूप निकलने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग ने 11 मई तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई है.
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इसे लेकर राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं मंगलवार के लिए रांची, खूंटी, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग समेत कई जिलों में बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा तेनुघाट में 82.2 मिमी रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा लातेहार के बालूमाथ में 82 मिमी, मुसाबनी में 65.8 मिमी, पुटकी में 64 मिमी, धालभूमगढ़ में 56.6 मिमी और नवाडीह में 53.3 मिमी बारिश दर्ज हुई. कई अन्य इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई है.
सबसे कम तापमान रांची के कांके में दर्ज
राज्य के अन्य प्रमुख शहरों के तापमान पर नजर डालें, तो रांची में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 19.6 डिग्री, जमशेदपुर में 36 और 22.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 39.6 और 22.6 डिग्री, बोकारो में 34.5 और 20.6 डिग्री और चाईबासा में 35.8 और 22 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है.














