चुनावी परिणाम पर हेमंत बोले- यह केवल राजनीति नहीं बल्कि अधिकारों की लड़ाई
रांची, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर
सोशल मीडिया एक्स पर सोमवार को वहां की जनता का आभार जताया है। उन्होंने
लिखा कि सीमित समय और संसाधनों के बावजूद जो भी प्रयास किया गया, वह जनता
के सहयोग, विश्वास और भागीदारी से ही संभव हो सका।
हेमंत सोरेन ने
कहा कि असम में चुनाव लड़ने का फैसला झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए केवल
राजनीतिक विस्तार नहीं था, बल्कि आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक समाज के हक,
सम्मान और पहचान की लड़ाई को मजबूत आवाज देने का प्रयास था।
उन्होंने
राज्य में आदिवासियों की स्थिति, एसटी दर्जा नहीं मिलना, चाय बागान
मजदूरों को उचित मजदूरी नहीं मिलना और जमीन के अधिकार से वंचित रहने जैसे
मुद्दों को गंभीर बताया।
उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों और बिना
किसी बड़े गठबंधन के पार्टी ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा और अपनी मौजूदगी
दर्ज कराई। पहली बार में 2 सीटों पर दूसरे स्थान पर रहना और 7 सीटों पर 15
हजार से अधिक वोट मिलना इस बात का संकेत है कि पार्टी ने जनता के बीच पकड़
बनानी शुरू कर दी है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि यह केवल शुरुआत है और
आने वाले समय में संगठन और मजबूत होगा। उन्होंने इसे केवल चुनाव नहीं बल्कि
अस्तित्व, पहचान और अधिकारों की लड़ाई बताया और कहा कि जनता के विश्वास के
साथ यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।














