खूंटी,   खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 12 के खूंटी टोली में सोमवार की रात आग लगने से लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। आगजनी में मकान के छह कमरे जलकर बर्बाद हो गए। आशंका जताई जाती है कि शॉर्ट सर्किट से मकान में आग लगी होगी।

घटना सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे की बताई जाती है। आगजनी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सहदेव महतो के घर में अचानक आग लगने से देखते ही देखते पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। आग इतनी भयावह थी कि घर के छह कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास के घरों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, सहदेव महतो ने अपने मकान को किराए पर दे रखा था, जहां कई परिवार रह रहे थे। आगजनी की इस घटना में किरायेदारों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। किरायेदार मुनिया देवी ने बताया कि उनकी लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। उन्होंने कहा कि बहन की शादी के लिए खरीदे गए गहने, नगदी और अन्य जरूरी सामान भी आग की भेंट चढ़ गए।

वहीं, एक अन्य किरायेदार राजलो डुंगडुंग ने बताया कि वे बाजार में समोसा और गुलगुला बेचकर धीरे-धीरे पूंजी जमा कर रहे थे, ताकि गांव में घर बना सकें। लेकिन इस हादसे में उनकी जीवन भर की जमा पूंजी, जमीन के कागजात सहित सभी जरूरी दस्तावेज और घरेलू सामान जलकर खाक हो गए।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय वार्ड सदस्य अनिल कच्छप ने बताया कि मामले को लेकर विभागीय प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी और आपदा प्रबंधन विभाग के तहत पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा(झामुमो )छात्र मोर्चा के जिलाध्यक्ष कमलेश महतो ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से मांग की है कि निष्पक्ष जांच कर सभी प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।