सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देखने के लिए एक विदेशी प्रतिनिधिमंडल भारत पहुंचा है। जॉर्जिया, नामीबिया, स्विट्जरलैंड और नेपाल के सदस्यों वाला यह प्रतिनिधिमंडल बुधवार को सिलीगुड़ी पहुंचा।

सिलीगुड़ी में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने सिलीगुड़ी कॉलेज में बने डीसीआरसी (डिस्ट्रिब्यूशन-कम-रिसेप्शन सेंटर) का निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया और वहां मौजूद मतदानकर्मियों तथा अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पूरी चुनाव प्रक्रिया, प्रशासनिक व्यवस्था और मतदान के संचालन के तरीके के बारे में जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

यह प्रतिनिधिमंडल आज सिलीगुड़ी में रुकने वाला है। गुरुवार को प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सिलीगुड़ी और कर्सियांग के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करेंगे, जहां वे मतदान प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे। यह दौरा भारतीय चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता और व्यवस्था को समझने के उद्देश्य से किया जा रहा है।