एआईयूडीएफ की हार के लिए अजमल ने कांग्रेस पर उतारी खीझ
मुस्लिम लीग से की कांग्रेस की तुलना
गुवाहाटी, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयीडीएफ) के
अध्यक्ष मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने अपनी पार्टी की करारी हार से बेहद नाराज
हैं। अपनी खीझ मिटाते हुए उन्होंने कहा कि असम से कांग्रेस पार्टी अपनी
राजनीतिक जमीन खो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस को अब मुस्लिम लीग जैसी
पार्टी में तब्दील होने की बात कही। बीती रात जारी मतगणना के दौरान
राजनीतिक घटनाक्रम पर मीडिया के साथ बातचीत करते हुए बदरुद्दीन अजमल ने
कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
राज्य में बदलते चुनावी माहौल के बीच
एक कड़ा राजनीतिक बयान देते हुए अजमल ने कहा कि असम में कांग्रेस खत्म हो
गई है। कांग्रेस मुस्लिम लीग बन गई है। इस बीच, बदरुद्दीन अजमल ने नवगठित
बिन्नाकांडी निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल कर राज्य की राजनीति में वापसी
की। हालांकि, उनकी पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव में अब तक का सबसे खराब
प्रदर्शन किया और उसे केवल दो सीटें ही मिलीं हैं।
अजमल ने असम
जातीय परिषद के रेजाउल करीम चौधरी को 35,380 वोटों से हराया। अजमल को
1,19,721 वोट मिले, जबकि चौधरी को 84,341 वोट मिले। विपक्षी उम्मीदवार को
एक संयुक्त गठबंधन का समर्थन प्राप्त था। सत्ताधारी गठबंधन ने असम गण परिषद
के शहाबुद्दीन मजूमदार को मैदान में उतारा था, जो 20,955 वोटों के साथ
तीसरे स्थान पर रहे।
यह जीत 2024 के लोकसभा चुनावों में मिली हार के
बाद राज्य की राजनीति में अजमल की वापसी का प्रतीक है। लोकसभा चुनाव में
उन्हें धुबड़ी सीट पर कांग्रेस नेता रकीबुल हुसैन के हाथों करारी हार का
सामना करना पड़ा था। उस हार से पहले, अजमल लगातार तीन कार्यकाल तक संसद में
धुबड़ी का प्रतिनिधित्व करते रहे।
उन्होंने 2006 में चुनावी
राजनीति में कदम रखा। इससे एक साल पहले ही उन्होंने एआईयूडीएफ की स्थापना
की थी। अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में उन्होंने दक्षिण सलमारा सीट से जीत
हासिल की थी। तब से यह पार्टी असम की राजनीति में अपनी उपस्थिति बनाए हुए
है और इसे अक्सर राज्य में बंगाली भाषी मुसलमानों के प्रतिनिधि के तौर पर
देखा जाता रहा है। होजाई जिले में स्थित बिन्नाकांडी, 2023 के परिसीमन के
बाद बनाए गए नए निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। इस सीट पर अजमल की जीत ने
उनकी पार्टी को इस नवगठित क्षेत्र में अपनी पैठ बनाने का अवसर प्रदान किया
है।















