पटना (PATNA): पटना में बीती रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है. मुठभेड़ के दौरान पुलिस के द्वारा जबाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी है. जानकारी के अनुसार कि घायल अपराधी पटना में ज्वेलरी शॉप में हुई लूटकांड का आरोपी है. घायलावस्था में उसे एम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. घायल आरोपी की पहचान दिलीप कुमार के रूप में हुई है.


हथियार का भय दिखाकर डकैती की घटना को दिया अंजाम

पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि दिनांक 19 अप्रैल 2026 को रामकृष्णा नगर थानांतर्गत स्थित एक ज्वैलरी दुकान में दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों द्वारा हथियार का भय दिखाकर डकैती की घटना कारित की गई थी.

घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन 

उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (पूर्वी)के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. गठित टीम द्वारा तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त अभियुक्त उदित कुमार को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के क्रम में अन्य संलिप्त अभियुक्तों की पहचान हुई, जिसके आधार पर मुख्य अभियुक्त दिलीप कुमार एवं एक अन्य अभियुक्त रोहन को गिरफ्तार किया गया.

अभियुक्त की निशानदेही पर की गई छापेमारी

पूछताछ के दौरान अभियुक्त दिलीप कुमार द्वारा दुकानदार के साथ मारपीट कर उसे घायल करने की बात सामने आई है. गिरफ्तार अभियुक्त दिलीप कुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए उसके साथ बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई. इस दौरान अभियुक्त द्वारा छिपाए गए लोडेड हथियार से एक पुलिस पदाधिकारी पर फायरिंग की गई, जिसके प्रत्युत्तर में पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में अभियुक्त दिलीप कुमार के पैर में गोली लगी. घायल अभियुक्त को इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया है. उन्होंने बताया कि इस कांड में संलिप्त कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है साथ ही घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस एवं एक गोली का खोखा बरामद किया गया है. शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है.