अररिया जोकीहाट के काकन टोल प्लाजा समीप मंगलवार को राजमिस्त्री सबूल की गला रेतकर हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। उद्भेदन करने के साथ ही हत्यारोपित को साक्ष्य के साथ गिरफ्तार किया है।

एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर जानकारी दी। सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि यह हत्या महज चंद रुपये के लेन-देन का मामला है। इसमें हत्यारोपित जोकीहाट थाना क्षेत्र के बेरिया निवासी मो एकराम पिता अकबाल ने अपने रिश्तेदार सिकटिया वार्ड 04 निवासी मो सबूल पिता जमाल को दो लाख रुपये दिये थे, 

उसी रुपये की लेन-देन में आरोपित ने मृतक सबूल से राशि की मांग की अथवा दो डिसमिल जमीन रजिस्ट्री करने को कहा। इस बात को लेकर काफी दिनों से आनाकानी चल रही थी और इसी में मंगलवार 21 अप्रैल की अल सुबह मो सबूल की गला रेतकर मो एकराम ने हत्या कर दी।

जोकीहाट पुलिस व एफएसएल टीम ने तहकीकात के दौरान घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार दबिया व आरोपित द्वारा हत्या के दौरान पहने हुए खून से सना लूंगी जो अपने घर में छिपाकर रखा था, उसे भी बरामद कर लिया है।घटना में प्रयुक्त मोबाइल को भी बरामद किया गया। साथ ही मृतक सबूल की बाइक व मोबाइल को आरोपित एकराम के निशानदेही पर तालाब से बरामद किया गया।एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मृतक को सरकारी निधि से मुआवजे की रकम दिलाने का प्रयास किया जायेगा, इससे उसके बच्चों व परिजनों की परवरिश हो सके।मौके पर जोकीहाट थानाध्यक्ष सह पुनि राजीव कुमार झा, पुअनि इम्तियाज खान, पुअनि पंकज कुमार, पुअनि सुभाष चंद्रा, सिपाही अर्जुन कुमार व कारू कुमार मौजूद थे।