पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा पर पुलिस सख्त, 200 से ज्यादा एफआईआर दर्ज
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कई
जगहों से हिंसा और तनाव की खबरें सामने आई हैं। बुधवार को मीडिया से बात
करते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता ने कहा कि सबसे अधिक
घटनाएं आसनसोल, कूचबिहार और बारुईपुर इलाकों में हुई हैं। हालांकि उन्होंने
कहा कि बुधवार सुबह से किसी नई गड़बड़ी की खबर नहीं है।
डीजीपी ने
बताया कि नानूर और न्यू टाउन इलाके में दो लोगों की मौत की सूचना मिली है।
चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामलों में अब तक 200 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई
हैं। इन मामलों में 433 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं एहतियातन
कार्रवाई करते हुए 1100 से ज्यादा लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
सिद्धनाथ
गुप्ता ने कहा कि पुलिस की सख्ती और लगातार कार्रवाई के कारण हालात अब
काफी हद तक नियंत्रण में हैं और बुधवार सुबह से कोई अप्रिय घटना सामने नहीं
आई है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस
के नेता अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। डीजीपी ने
कहा कि दोनों को पहले की तरह जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिल रही है और
किसी तरह की सुरक्षा वापस नहीं ली गई है।
उन्होंने बताया कि ‘येलो
बुक’ के नियमों के अनुसार ही जेड प्लस श्रेणी के सुरक्षाकर्मियों की तैनाती
की जाती है। अतिरिक्त बल को हटाकर उसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के काम
में लगाया गया है। इसलिए सुरक्षा में कटौती की बात सही नहीं है।















