खूंटी,  उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार अड़की प्रखंड के ग्राम बांदू गांव में बुधवार को अवैध शराब निर्माण और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई में अवैध गतिविधियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कुल 07 अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया।

अभियान के दौरान करीब 2600 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया, वहीं 65 लीटर अवैध शराब भी जब्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

इस अभियान में अड़की के प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश महतो, अड़की थाना के सब इंस्पेक्टर सुधीर कुमार यादव, आबकारी विभाग खूंटी के सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी शामिल थेे।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।