तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय पर कब्जे का आरोप, भाजपा ने बताया साजिश
सिलीगुड़ी, फांसीदेवा के विधाननगर में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी
कार्यालय में तोड़फोड़ और कब्जे को लेकर भाजपा पर आरोप लगा है, जिससे इलाके
में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।
तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि
भाजपा के सत्ता में आने के बाद लगातार उनके पार्टी कार्यालयों पर कब्जे की
घटनाएं सामने आ रही है। इस घटना में कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर तोड़फोड़
की गई, साथ ही पार्टी के पोस्टर, बैनर और होर्डिंग भी फाड़ दिए गए।
तृणमूल
के ब्लॉक अध्यक्ष काजल घोष ने अपील करते हुए कहा कि जनता के जनादेश का
सम्मान होना चाहिए और पार्टी कार्यालय वापस किया जाए। उन्होंने यह भी कहा
कि “पार्टी कार्यालय हमारे लिए मंदिर जैसा है” और इस तरह की घटनाएं
लोकतंत्र के खिलाफ है।
दूसरी ओर फांसीदेवा भाजपा विधायक दुर्गा
मुर्मू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह भाजपा कार्यकर्ताओं का
काम नहीं है, बल्कि पार्टी को बदनाम करने की साजिश हो सकती है। उन्होंने
कहा कि इस तरह के गलत काम किसी को नहीं करने चाहिए। फिलहाल इस मामले को
लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है और इलाके में राजनीतिक
माहौल गर्म बना हुआ है।















