झारखंड में बदला मौसम, रांची सहित विभिन्न जिलों में प्री मानसून बारिश से राहत
रांची (RANCHI): राजधानी रांची सहित राज्य की विभिन्न जिलों में प्री मानसून की बारिश शुरू हो गई। आने वाले तीन-चार दिनों तक रांची सहित विभिन्न जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 12 और 13 जून को बारिश और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 13 जून के बाद भी राज्य भर में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसे लेकर विभाग की ओर से १६ जून तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
धनबाद में सबसे अधिक 40.2 मिमी बारिश दर्ज
इधर, गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और प्रचंड गर्मी महसूस हुई, लेकिन दोपहर बाद काले और घने बादल छाये रहे और मूसलाधार बारिश हुई। इससे लोगों को भारी गर्मी से राहत मिली। साथ ही तापमान में 05 से 06 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
13 से 15 जून के बीच मानसून प्रवेश करने की संभावना
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने 13 से 15 जून के बीच मानसून के झारखंड में प्रवेश करने की संभावना व्यक्त की है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.2 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।














