रांची, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को रांची के लोक भवन में अंजनी चौधरी की पुस्तक व्हेयर देयर इज रिस्क, देयर इज एन एक्चुअरी का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने लेखिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक लोकोपयोगी सिद्ध होगी।

राज्यपाल ने कहा कि देश वर्तमान में तीव्र विकास एवं तकनीकी परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है तथा वित्तीय क्षेत्र में भी उल्लेखनीय बदलाव आए हैं। भारत डिजिटल लेन-देन के क्षेत्र में अग्रणी है। ऐसे परिवेश में संभावनाओं के समुचित आकलन एवं सुविचारित निर्णय लेने की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुस्तक युवाओं एवं विद्यार्थियों को एक्चुरियल साइंस के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को समझने में सहायक होगी। 

इस अवसर पर लेखिका अंजनी चौधरी ने कहा कि इस पुस्तक की रचना में लगभग दो वर्षों का समय लगा। उन्होंने बताया कि पुस्तक में एक्चुरियल प्रोफेशन के विभिन्न पहलुओं, जैसे आवश्यक कौशल, करियर के अवसर एवं चुनौतियों को सरल एवं समग्र रूप में प्रस्तुत किया गया है। 

उन्होंने कहा कि हमारे देश में विभिन्न क्षेत्रों में तीव्र गति से विकास हो रहा है और ऐसे परिवेश में बैंकिंग, बीमा, स्टॉक मार्केट सहित कई क्षेत्रों में सुविचारित आकलन एवं निर्णय की आवश्यकता बढ़ रही है। एक्चुरियल साइंस इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और यह क्षेत्र समाज एवं अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ आधार प्रदान करता है। उन्होंने पुस्तक के लोकार्पण के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।