पूर्वी सिंहभूम, शहर में अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जुगसलाई थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलबम ट्रांसपोर्ट एजेंसी पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इस कार्रवाई में ट्रांसपोर्ट संचालक शशिकांत मिश्रा (59) को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे पूछताछ के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना क्षेत्र के नया बाजार बोरापट्टी स्थित बोलबम ट्रांसपोर्ट के माध्यम से शहर में अवैध नशीली दवाओं की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर 07 अप्रैल को थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्यालय और गोदाम में अचानक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप की कुल 20 पेटियां बरामद कीं। जब्त किए गए इस कफ सिरप की बाजार में कीमत लगभग 09 लाख 66 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस की ओर से जब इस खेप से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, तो एजेंसी संचालक कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पूरी खेप को अवैध मानते हुए जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपित शशिकांत मिश्रा बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गणेश नगर स्थित पहलवान कॉम्प्लेक्स का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस पूरे मामले की जानकारी जुगसलाई थाना प्रभारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि शहर में प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि जब्त की गई कफ सिरप की खेप रांची से भेजी गई थी और इसे जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितनी दूर तक फैला हुआ है।