फारबिसगंज की घटना पर सांसद ने जताया शोक, निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग
अररिया फारबिसगंज में गुरुवार घटित घटना पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की।
सांसद
ने कहा कि यह घटना केवल दो जिंदगियों का दुखद अंत नहीं, बल्कि समाज में
बढ़ती असहिष्णुता और कानून व्यवस्था के प्रति चुनौती का गंभीर संकेत है।
किसी भी परिस्थिति में हिंसा और भीड़ द्वारा न्याय स्वीकार्य नहीं हो सकता।
न्याय देने का अधिकार केवल कानून और न्यायिक व्यवस्था को है।
उन्होंने
मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत
आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान
करने की प्रार्थना की।
सांसद ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे
मामले की निष्पक्ष, त्वरित एवं गहन जांच सुनिश्चित की जाए तथा सभी दोषियों
की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, क्षेत्र
में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
सांसद ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के विवाद में संयम बरतें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।














