पूर्वी सिंहभूम,  गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ (आर.डी. टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर) एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नए बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 10 दिवसीय 'रोप-इन' प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ।

संस्थान के सभागार में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने योग, समूह पीटी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।

समारोह का शुभारंभ टाटा स्टील फाउंडेशन के ब्रिज किशोर सिंह, एनटीटीएफ की प्राचार्य प्रीता जॉन तथा उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अतिथियों का स्वागत किया।

स्वागत भाषण में उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने कहा कि 'रोप-इन' कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल संस्थान से परिचित कराना नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, सकारात्मक सोच और टीम भावना का विकास करना भी है। उन्होंने बताया कि दस दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में योग, शारीरिक प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, टीम बिल्डिंग, मेमोरी तकनीक तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।

मुख्य अतिथि ब्रिज किशोर सिंह ने कहा कि टीम भावना और समय की प्रतिबद्धता ही सफलता का मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि किसी भी उद्योग या संस्थान में सफलता केवल व्यक्तिगत प्रतिभा से नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समय के सम्मान से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर सीखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।

वहीं प्राचार्य प्रीता जॉन ने कहा कि एनटीटीएफ का उद्देश्य उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल, अनुशासित और जिम्मेदार तकनीशियन तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए मूल्यों को अपने जीवन और करियर में अपनाने की अपील की।

समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ दैनिक डायरी के लिए बैच-1 से रीमा कर्मकार तथा बैच-2 से आर्या श्रीवास्तव को सम्मान मिला। कोलाज प्रतियोगिता में बैच-1 से राज नंदिनी और सपना सिंह तथा बैच-2 से अवनीत संधू विजेता रहे। सर्वश्रेष्ठ योग का पुरस्कार राज नंदिनी, सर्वश्रेष्ठ व्यायाम का पुरस्कार प्रिंस तिवारी, जबकि सर्वश्रेष्ठ अनुशासन के लिए बालक वर्ग में करणदीप सिंह और बालिका वर्ग में साई पद्मा नंदा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग और समूह पीटी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। समारोह के अंत में उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मृण्मय कुमार महतो, ज्योति कुमार ठाकुर सहित संस्थान के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।