पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा ने हॉकी इंडिया के महासचिव पर धमकी देने का लगाया आरोप
रांची, भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान, एशियाई खेलों
की पदक विजेता और हॉकी इंडिया की चयन समिति की सदस्य असुंता लकड़ा ने हॉकी
इंडिया के महासचिव और हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह पर गंभीर आरोप
लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि झारखंड में हॉकी से जुड़े कई गंभीर
मामलों पर सवाल उठाने और महिला खिलाड़ियों के हित में आवाज बुलंद करने के
कारण उन्हें धमकाया गया, अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया और चुप रहने
का दबाव बनाया गया। असुंता ने पूरे मामले की शिकायत झारखंड के खेल मंत्री
सुदिव्य कुमार और मुख्यमंत्री सचिवालय के साथ-साथ हॉकी इंडिया के अध्यक्ष
को भी लिखित रूप से भेजी है।
असुंता लकड़ा ने पत्रकारों से बातचीत
में शुक्रवार को कहा कि हॉकी इंडिया और हॉकी झारखंड में बहुत कुछ ठीक नहीं
चल रहा है। उनके अनुसार संगठन के भीतर कई ऐसे मामले हैं जो बेहद गंभीर
हैं, लेकिन उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि
खिलाड़ियों और पूर्व खिलाड़ियों की बात सुनने के बजाय उन्हें डराया और चुप
कराया जाता है।
असुंता ने कहा कि पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब
उन्होंने महिला खिलाड़ियों से जुड़े मामलों को गंभीरता से उठाया। उन्होंने
आरोप लगाया कि कोच सुधीर गोल्ला पर महिला खिलाड़ियों ने गलत तरीके से छूने
और अनुचित व्यवहार की शिकायत की थी। इन शिकायतों को उन्होंने संबंधित
अधिकारियों तक पहुंचाया और कार्रवाई की मांग की। उनका दावा है कि राज्य खेल
विभाग द्वारा हटाए जाने के बावजूद सुधीर गोल्ला अब भी हॉकी झारखंड
कार्यालय में सक्रिय हैं।
असुंता ने कहा कि इस पूरे मामले की
जानकारी हॉकी इंडिया के अध्यक्ष को भी दी गई. लेकिन अब तक कोई प्रभावी
कार्रवाई नहीं की गई. पूर्व कप्तान का आरोप है कि इन मुद्दों को उठाने के
बाद उनके खिलाफ माहौल बनाया गया।उन्होंने दावा किया कि गत 9 मई को भोलानाथ
सिंह ने उन्हें फोन कर कथित तौर पर धमकाया। असुंता के अनुसार बातचीत के
दौरान उनसे कहा गया, 'अपनी औकात में रहो, औकात में रहकर बात करो, वरना हमें
औकात बताना आता है। उन्होंने कहा कि इस कथित घटना के बाद वे और उनका
परिवार मानसिक तनाव और भय के माहौल में है।
वहीं, इस संबंध में हॉकी
इंडिया के महासचिव एवं हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने भारतीय
महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को
पूरी तरह खारिज करते हुए उन्हें निराधार, मनगढ़ंत और साजिश का हिस्सा
बताया है।












