मसानजोर गेस्ट हाउस में चिकित्सक मृत मिले, जांच में जुटी पुलिस
दुमका, जिले के मसानजोर स्थित सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन
में ठहरे एक चिकित्सक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह
उनका शव कमरे के बेड पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही मसानजोर थाना पुलिस
मौके पर पहुंची और स्थानीय चिकित्सक से जांच कराकर मौत की पुष्टि करायी।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया गया।
मृतक की
पहचान 48 वर्षीय डॉ. शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है। मृतक रांची के
बरियातू के रहने वाले थे और वर्तमान में हजारीबाग सदर अस्पताल में
पदस्थापित थे। उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और जमशेदपुर में कार्यरत हैं।
परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं।
पुलिस के अनुसार डॉ.
शशि दिनकर मिंज अपने तीन दोस्तों सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और
नीरज कुमार के साथ शुक्रवार की रात मसानजोर स्थित निरीक्षण भवन (गेस्ट
हाउस) के कमरा नंबर-1 और 2 में ठहरे थे। जानकारी शनिवार सुबह जब उनके दोस्त
उन्हें जगाने पहुंचे तो उनका शरीर ठंडा पड़ा था और कोई हलचल नहीं हो रही
थी।
इसके बाद तत्काल मसानजोर थाना को सूचना दी गयी। सूचना मिलने पर
थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ निरीक्षण भवन पहुंचे और स्थानीय
चिकित्सक को बुलाकर जांच करायी, जिसमें डॉ. मिंज को मृत घोषित कर दिया
गया।
इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी और शव को
पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की। दोस्तों ने पुलिस को
बताया कि शुक्रवार रात सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी और देर रात सोने चले
गये थे। फिलहाल चिकित्सक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट
कारण सामने नहीं आया है। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा है कि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल
सकेगा। मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।












