रांची (RANCHI): झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में 5 और 6 अप्रैल को ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही 7 अप्रैल तक कई जिलों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भी चेतावनी दी गई है.


6 अप्रैल को बोकारो और गिरिडीह समेत कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना 

मौसम विभाग के अनुसार, 5 अप्रैल को गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 6 अप्रैल को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और गिरिडीह समेत कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना अधिक जताई गई है. 
इसके अलावा 7 अप्रैल तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

रांची सहित कई जिलों में धूप और बादलों का दौर जारी

राज्य में इन दिनों मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. राजधानी रांची सहित कई जिलों में धूप और बादलों का दौर जारी है. कभी तेज गर्मी तो कभी बादल छाने से लोगों को राहत मिल रही है. शुक्रवार को राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. वहीं 
पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर और डाल्टनगंज में 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा.

खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें की सलाह

शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छाने से गर्मी से राहत मिली. रांची में अधिकतम तापमान 35.8 और न्यूनतम 21.6 डिग्री, जमशेदपुर में 39.7 और 24.7 डिग्री, डाल्टनगंज में 39.4 और 22.5 डिग्री, बोकारो में 36.1 और 21.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम 38.4 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से खुले में जाने से बचें.