अक्षय कुमार ने सुनाई स्कूल की कहानी
अभिनेता
अक्षय कुमार इन दिनों अपनी फिल्म 'भूत बंगला' और गेम शो 'व्हील ऑफ
फॉर्च्यून' को लेकर चर्चा में हैं। इसी शो के दौरान अक्षय ने अपनी स्कूली
जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया, जिसने दर्शकों को चौंका दिया।
उन्होंने बताया कि किंडरगार्डन से लेकर 9वीं कक्षा तक वह तीन बार फेल हो
चुके हैं।
अक्षय ने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा कि वह
पढ़ाई में ज्यादा अच्छे नहीं थे और अक्सर बैकबेंचर हुआ करते थे। शो में
मौजूद अपने बचपन के दोस्त जिनेश के साथ बातचीत में उन्होंने हंसते हुए कहा
कि दोनों ने साथ में कई बार फेल होने का अनुभव शेयर किया है। इस दौरान
मजाकिया अंदाज में जिनेश ने कहा कि वह अक्षय के साथ समय बिताने की वजह से
फेल होते थे, जिस पर सेट पर मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
अभिनेता ने
अपने दोस्त के बचपन के शौक का भी जिक्र किया और बताया कि वे लोग शहर में
साइकिल चलाकर घूमते थे। बातचीत के दौरान दोनों ने पुराने दिनों की कई यादें
शेयर कीं। अक्षय कुमार अक्सर अपने दोस्तों से जुड़े रहते हैं और इससे पहले
भी वह अपने बचपन के दोस्तों को कॉमेडी शो में बुला चुके हैं, जहां
उन्होंने इसी तरह के किस्से शेयर किए थे।















