अजय देवगन ने बयान जारी कर दी सफाई
अभिनेता
अजय देवगन और निर्देशक ओम राउत के बीच नई ऐतिहासिक फिल्म को लेकर चल रही
चर्चाओं पर विराम लग गया है। हाल ही में आई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया
गया था कि सुपरहिट फिल्म 'तन्हाजी: द अनसंग वॉरियर' के बाद दोनों एक बार
फिर किसी गुमनाम योद्धा पर आधारित फिल्म के लिए साथ आने वाले हैं। इन खबरों
से फैंस के बीच उत्साह देखा जा रहा था।
हालांकि, अजय देवगन फिल्म्स
ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। कंपनी के प्रवक्ता ने स्पष्ट
बयान जारी करते हुए कहा कि फिलहाल अजय देवगन और ओम राउत के बीच किसी भी नई
फिल्म को लेकर कोई बातचीत या सहयोग नहीं चल रहा है। उन्होंने इन खबरों को
निराधार और पूरी तरह से झूठा बताते हुए कहा कि इस तरह की जानकारी भ्रामक है
और आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा किया जाना चाहिए।
काम के मोर्चे
पर अजय देवगन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'गोलमाल 5' में व्यस्त हैं, जिसका
निर्देशन रोहित शेट्टी कर रहे हैं और इसमें अक्षय कुमार भी अहम भूमिका में
नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम 3' भी 2 अक्टूबर
को रिलीज के लिए निर्धारित है। वहीं, ओम राउत भी अपने अन्य प्रोजेक्ट्स में
व्यस्त हैं।















