आदित्य रॉय कपूर की नई फिल्म का ऐलान
अभिनेता
आदित्य रॉय कपूर एक बार फिर रोमांटिक अंदाज में बड़े पर्दे पर वापसी करने
जा रहे हैं। 'आशिकी 2' से लोकप्रिय हुए आदित्य ने निर्देशक मिलाप मिलन
जावेरी की आगामी म्यूजिकल एक्शन लव स्टोरी के लिए हाथ मिलाया है। फिल्म में
रोमांस, संगीत, एक्शन और भावनात्मक ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलेगा।
निर्माताओं के अनुसार, इसकी शूटिंग इसी वर्ष के अंत में शुरू होगी और फिल्म
2027 में सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
निर्देशक मिलाप जावेरी ने
कहा कि आदित्य में प्रेम और टूटे दिल की भावनाओं को पर्दे पर प्रभावशाली
ढंग से प्रस्तुत करने की दुर्लभ क्षमता है। उनके मुताबिक, फिल्म का मुख्य
किरदार भावनात्मक रूप से बेहद जटिल है और इसके लिए आदित्य से बेहतर विकल्प
नहीं हो सकता था। जावेरी ने यह भी कहा कि दर्शक इस फिल्म में आदित्य को
उनके अब तक के सबसे दमदार और रोमांटिक अवतार में देखेंगे।
फिल्म का
निर्माण भूषण कुमार कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले 'आशिकी 2', 'मलंग',
'लूडो' और 'मेट्रो... इन दिनों' जैसी फिल्मों में आदित्य के साथ काम किया
है। भूषण कुमार ने कहा कि आदित्य के साथ उनका रचनात्मक जुड़ाव हमेशा खास
रहा है और नई फिल्म भी बड़े पैमाने पर तैयार की जा रही है। उन्होंने
विश्वास जताया कि यह फिल्म रोमांस, संगीत और एक्शन के अनोखे मेल के साथ
दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देगी।













