कोलकाता,  पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बुधवार को घोषणा की कि इस वर्ष की उच्च माध्यमिक (हायर सेकेंडरी) परीक्षा का परिणाम 14 मई को घोषित किया जाएगा। यह घोषणा राज्य विधानसभा चुनाव के नतीजे चार मई को आने के बाद की जाएगी।

परिषद के अध्यक्ष पार्थ कर्मकार ने बताया कि 14 मई को सुबह 10:30 बजे बिधाननगर स्थित परिषद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिणाम जारी किया जाएगा।

इससे पहले राज्य सरकार ने माध्यमिक परीक्षा का परिणाम आठ मई को घोषित करने की जानकारी दी थी। अब उच्च माध्यमिक की तारीख तय होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में उत्सुकता बढ़ गई है।

परिषद ने बताया कि औपचारिक घोषणा के एक घंटे बाद छात्र-छात्राएं अपना परिणाम ऑनलाइन देख सकेंगे। हालांकि, परिणाम देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइटों की सूची अभी जारी नहीं की गई है। यह जानकारी जल्द दी जाएगी।

इस वर्ष पहली बार सेमेस्टर प्रणाली लागू की गई थी। चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के साथ-साथ सप्लीमेंट्री और पुराने वार्षिक सिस्टम के तहत भी परीक्षाएं आयोजित की गईं।

इस बार करीब सात लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी है, इसलिए परिणाम का इंतजार पूरे राज्य में काफी उत्सुकता के साथ किया जा रहा है।