पुरुलिया,   सरकारी अभिलेखों में कथित हेरफेर सहित एकाधिक आरोपों में पुरुलिया जिला परिषद के सह-सभाधिपति तथा तृणमूल कांग्रेस नेता सुजय बनर्जी को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार देर रात पुलिस ने उन्हें पुंचा थाना क्षेत्र के लाखरा गांव स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया।

रविवार को गिरफ्तार तीनों आरोपितों को पुरुलिया जिला न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में सुजय बनर्जी ने दावा किया कि उन्हें किस कारण से गिरफ्तार किया गया है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

इसी मामले में उनके भतीजे तथा पुंचा पंचायत समिति के सह-सभापति कृपासिंधु बनर्जी और पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष चरणपहाड़ी दास को भी गिरफ्तार किया गया है।

क्षेत्र के कुछ निवासियों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोप है कि सरकारी अभिलेखों में हेरफेर के साथ-साथ सरकारी दायित्व का निर्वहन करते हुए विश्वासभंग तथा सामूहिक रूप से आपराधिक षड्यंत्र में शामिल रहने के मामले में भी इन लोगों की संलिप्तता रही है।