पुरुलिया युवती हत्याकांड में पुलिस ने आरोपित अमित को साथ ले जाकर घटनास्थल का पुनर्निर्माण किया
सूत्रों के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार की पहचान हो चुकी है। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मौजूदगी में हथियार से साक्ष्य जुटाने की तैयारी है। हालांकि पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हथियार बरामद करने के उद्देश्य से अमित को घटनास्थल पर ले जाया गया था या नहीं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है।
घटना के बाद जिला पुलिस ने पुरुलिया शहर और आसपास के छात्र-छात्राओं के मेस में विशेष निगरानी का निर्णय लिया है। महिला पुलिस की 'विनर्स टीम' अब सभी मेस में लगातार निगरानी करेगी।
इधर, पुरुलिया शहर के आईटी पार्क क्षेत्र स्थित उस संस्थान के विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी घटना को लेकर आक्रोश है, जहां युवती नर्सिंग से संबंधित प्रशिक्षण ले रही थी। संस्थान के प्रमुख ने बताया कि कुछ समय के अंतराल के बाद युवती ने 26 जून को दाखिला लिया था और वह नियमित रूप से कक्षाओं में आती थी। संस्थान के शिक्षक और विद्यार्थियों ने आरोपित को फांसी की सजा देने तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में कराने की मांग की है।














