हुगली, लगातार बारिश के बाद गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से मालदा के भूतनी और रतुआ से सटे इलाके में कटाव तेज हो गया है। शनिवार देर रात पश्चिम रतनपुर प्राथमिक विद्यालय का एक हिस्सा गंगा में समा गया। इससे स्कूल में पढ़ाई लगभग ठप्प हो गई है। विद्यालय में करीब 320 विद्यार्थी पढ़ते हैं। स्कूल भवन का हिस्सा नदी में समा जाने के बाद विद्यार्थियों और उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल पर लंबे समय से गंगा कटाव का खतरा मंडरा रहा था और प्रशासन को इसकी जानकारी भी दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

विद्यालय के प्रधान शिक्षक बापी सरकार ने प्रशासन और सिंचाई विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी ऐसी स्थिति बनी थी और प्रशासन को जानकारी देने के बावजूद स्कूल को बचाने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।

प्रधान शिक्षक के अनुसार, फिलहाल पठन-पाठन बंद कर दिया गया है। स्कूल की जरूरी सामग्री और फर्नीचर को सुरक्षित स्थान पर स्थित खासमहल जूनियर हाई स्कूल में स्थानांतरित किया गया है।

लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ने से भूतनी और रतुआ के विस्तृत इलाकों में नदी कटाव जारी है। कई घर और जमीन नदी में समा चुके हैं, जिससे बड़ी संख्या में परिवार विस्थापन की स्थिति में पहुंच गए हैं।