उत्तर बंगाल में भारी वर्षा की चेतावनी, दक्षिण में उमस के बीच बारिश के आसार
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राज्य के उत्तर और दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में वर्षा की संभावना है। उत्तर बंगाल के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है, जबकि दक्षिण बंगाल में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ उमस भरा मौसम बने रहने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में दिनभर बादल छाए रहने तथा कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों में तापमान 22 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में मध्यम वर्षा के साथ मेघगर्जन तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में हल्की से मध्यम वर्षा तथा कहीं-कहीं मेघगर्जन की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री तथा न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता अधिक रहने से उमस बनी रहेगी।
पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा तथा पश्चिम बर्धमान में आंशिक बादल छाए रहने के साथ दोपहर बाद हल्की वर्षा हो सकती है। इन जिलों में तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
पूर्व बर्धमान, बीरभूम, नदिया तथा मुर्शिदाबाद में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है।















