लोहरदगा में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश नाकाम, दुकानदार ने दिखाई बहादुरी
लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा शहर के अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार शाम दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात टल गई। ग्राहक बनकर पहुंचे दो हथियारबंद बदमाशों ने दुकान में घुसकर लूटपाट की कोशिश की, लेकिन दुकान संचालक संजय खत्री की सूझबूझ और बहादुरी के आगे उनके मंसूबे विफल हो गए। जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश पहले ग्राहक बनकर सोने के आभूषण देखने लगे। कुछ देर बाद एक आरोपी ने अचानक देशी कट्टा/रिवॉल्वर निकालकर दुकानदार को धमकाया और लूट का प्रयास किया। इस दौरान संजय खत्री ने बिना घबराए बदमाश से भिड़ गए। हाथापाई के दौरान उन्होंने आरोपी के हाथ से हथियार छीन लिया, जिससे दोनों अपराधी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बरामद हथियार को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद अपर बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने दुकानदार की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ से एक बड़ी लूट की वारदात टल गई। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।














