चुनाव 26 : भाजपा का प्रयास है हर घर तक सुविधाएं पहुंचें और लोगों को राहत मिले -अग्निमित्रा पाल

(हेडिंग में संशोधन के साथ पुनः जारी)

आसनसोल,  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट की उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं। शुक्रवार को राधानगर रोड युवा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। कमेटी की ओर से भाजपा उम्मीदवार को पगड़ी देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अग्निमित्रा पाल ने कहा भाजपा का प्रयास है कि हर घर तक सुविधाएं पहुंचें और लोगों को राहत मिले।

सभा को संबोधित करते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि भगवान श्रीराम ने जिस आदर्श राज्य की स्थापना की थी, उसे रामराज्य कहा जाता है। एक ऐसा राज्य जहां सभी लोगों का सम्मान होता है। जनता की भलाई के लिए कार्य किए जाते हैं और हर व्यक्ति की सुरक्षा व देखभाल सुनिश्चित होती है। वह भगवान श्रीराम से प्रार्थना करती हैं कि चार अप्रैल 2026 को पश्चिम बंगाल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में रामराज्य की स्थापना हो और हमारे देश में भी ऐसा ही आदर्श समाज और व्यवस्था स्थापित हो।

उन्होंने आगे कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के लोगों तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया है। हर घर में आवास योजना, हर घर जल आदि सभी योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचेगा। घर महिलाओं के नाम पर होगा। महिलाओं को सुरक्षा और आजादी से जीने का अधिकार मिलेगा। हर घर में शौचालय की सुविधा होगी। हर घर जल योजना के तहत घर-घर पानी की उपलब्धता होगी। उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया जाएगा।

इन योजनाओं का उद्देश्य आम जनता की जिंदगी को आसान बनाना है, ताकि किसी को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष न करना पड़े। वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध के कारण तेल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह एक अस्थायी स्थिति है। भाजपा का प्रयास है कि हर घर तक सुविधाएं पहुंचें और लोगों को राहत मिले।

उन्होंने कहा कि समाज में सभी धर्मों, वर्गों और विशेषकर महिलाओं के सम्मान को बनाए रखने की आवश्यकता है। एक मजबूत और सुरक्षित समाज ही सच्चे अर्थों में रामराज्य की पहचान है। रामनवमी पर हम सभी मिलकर एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लें।

उन्होंने आगे कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ जिस प्रकार से अत्याचार हो रहा है, महिलाओं के साथ दुष्कर्म और युवाओं को जिंदा जलाया जा रहा है, यह केवल बांग्लादेश तक ही सीमित नहीं रहा है। पश्चिम बंगाल के बांग्लादेश से सटे सीमावर्ती जिले—उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर और जलपाईगुड़ी में जनसांख्यिकीय परिवर्तन हो रहा है, जहां कभी हिंदू बहुसंख्यक हुआ करते थे, अब अल्पसंख्यक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि 2026 का विधानसभा चुनाव पानी-बिजली की समस्या के लिए नहीं, बल्कि हिंदुत्व की रक्षा के लिए है। रामनवमी पर आयोजित शोभा यात्रा में अग्निमित्र पाल शामिल हुई। अपने हाथो में तलवार और त्रिशूल लेकर शोभायात्रा में निकली।