पश्चिमी सिंहभूम,  झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में शुक्रवार को रामनवमी के पावन अवसर पर आस्था, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर सुबह से ही पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और हजारों श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े।

मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे दिन शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

दोपहर बाद निकाली गई शोभायात्रा इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। शोभायात्रा में बाबा मंदिर की सजीव झांकियां, सरस्वती हरि बोल दुर्गा मंदिर अखाड़ा की पारंपरिक प्रस्तुतियां और विभिन्न अखाड़ों के आकर्षक प्रदर्शन ने लोगों का मन मोह लिया। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और भगवान हनुमान की जीवंत झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर युवाओं ने उत्साहपूर्वक करतब दिखाए। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां शोभायात्रा में शामिल लोगों पर फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। जगह-जगह शरबत और प्रसाद वितरण की व्यवस्था ने सेवा और श्रद्धा का भाव और भी प्रबल किया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी गई, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।