पूर्वी सिंहभूम  रामनवमीं और नवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर में आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। साकची के काशीडीह तथा सोनारी स्थित मरार पाड़ा में एम.पी. युवक संघ द्वारा आयोजित श्री श्री सार्वजनिक नवरात्रि जवारा पूजा इस वर्ष भी पूरे विधि-विधान और भव्यता के साथ संपन्न हुई। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

नवमी के दिन शीतला माता मंदिर, मरार पाड़ा सोनारी से जवारा विसर्जन के लिए एक आकर्षक और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में ज्योति कलश विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालु जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा मार्ग भक्तिरस में डूब गया।

यह शोभायात्रा मरार पाड़ा से प्रारंभ होकर न्यू कपाली घाट तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ जवारा का विसर्जन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधान में शामिल हुईं और पूजा-अर्चना कर आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

शहर के अन्य इलाकों में भी जवारा पूजा और शोभायात्राओं का आयोजन किया गया। विभिन्न स्थानों से निकली शोभायात्राएं स्वर्णरेखा नदी और दोमुहानी नदी तट पर पहुंचकर विसर्जित हुईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और आयोजकों द्वारा सुरक्षा व व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

वहीं, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर शर्बत, फल, पानी और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली और सेवा भाव का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।