मैड्रिड,  स्पेन की पुलिस ने यूरोप की अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी कार्रवाई में 30 टन कोकीन जब्त की है। इस अभियान के दौरान एक जहाज को कैनरी द्वीप समूह के पास रोका गया और उसके 23 चालक दल के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत ने सभी आरोपितों को बिना जमानत हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

स्पेनिश अधिकारियों के अनुसार, “आर्कोनियन” नामक यह जहाज कोमोरोस द्वीप के झंडे के तहत संचालित हो रहा था। इसे 01 मई को स्पेन की गार्डिया सिविल पुलिस ने समुद्र में रोका। बरामद कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 81.2 करोड़ यूरो से अधिक आंकी गई है।

यह कार्रवाई यूरोप में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी मानी जा रही है। इससे पहले जून 2024 में जर्मनी के हैम्बर्ग बंदरगाह पर 25 टन कोकीन पकड़ी गई थी, जिसे यूरोप की सबसे बड़ी बरामदगी माना जाता था। वहीं, स्पेन का पिछला रिकॉर्ड 13 टन का था, जो पिछले वर्ष अल्जेसीरास बंदरगाह पर इक्वाडोर से आए केले के कंटेनर में मिला था।

जांच एजेंसियों का मानना है कि इस कोकीन को समुद्र में तेज रफ्तार नौकाओं में स्थानांतरित कर स्पेन के मुख्य भूभाग तक पहुंचाने की योजना थी। तलाशी के दौरान जहाज से हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि जहाज पर सवार 17 चालक दल के सदस्य फिलीपींस के नागरिक हैं, जबकि छह अन्य लोग, जो अधिकारियों के पहुंचने पर छिपे हुए मिले, नीदरलैंड और सूरीनाम से जुड़े बताए गए हैं।

यह अभियान स्पेनिश पुलिस ने अमेरिका और नीदरलैंड की एजेंसियों के सहयोग से चलाया। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की विस्तृत जानकारी शुक्रवार को सार्वजनिक की जाएगी।