पलामू, उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को एमएमसीएच का निरीक्षण किया। उन्होंने एमएमसीएच परिसर के विभिन्न बिल्डिंग में संचालित कई स्वास्थ्य सेवाओं की पडताल की।

उपायुक्त सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड पहुंचे, यहां उन्होंने मरीज और उनके परिजनों से अस्पताल में दी जाने वाली सुविधाओं कर बारे में जानकरी ली। उन्होंने अनावश्यक रूप से खड़े लोगों को फटकार लगायी। इसके बाद उपायुक्त ने प्रत्येक वार्ड में किस सुविधाओं का अभाव है, 


कहां कितने मैनपावर की जरूरत जैसे विषयों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई हॉस्पिटल कर्मियों को अपने कार्यशैली में सुधार लाने और अपने निर्धारित समय तक ड्यूटी पूरा करने को कहा।

उन्होंने कहा कि बतौर पलामू उपायुक्त एमएमसीएच का मेरा यह पहला निरीक्षण है, इसके बाद भी अस्पताल के व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं होता है तो संबंधितों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जायेगी।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने पाया कि कई वार्डाे में मरीज के साथ आवश्यकता से अधिक अटेंडेंट हैं जिससे चिकित्सा कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में उपायुक्त ने एमएमसीएच अधीक्षक डॉ अजय कुमार को मरीजों संग रहने वाले अटेंडेंट की संख्या निर्धारण करने की बात कही।

निरीक्षण के क्रम में डीसी ने पाया कि ओपीडी वार्ड के कुछ शौचालयों के दरवाजे टूटे पड़े हैं और शौचालय में साफ-सफाई नहीं है। उन्होंने साफ-सफाई का कार्य देख रहे बालाजी के सुपरवाइजर को निलंबित करने और कार्यों का पर्यवेक्षक नहीं करने को लेकर एमएमसीएच अधीक्षक को शोकॉज़ करने के निर्देश दिया। उन्होंने डिजिटल किओस्क को अपडेटेड रखने पर बल दिया, ताकि मरीजों को कोई परेशानी नहीं हो।

उन्होंने एमएमसीएच अधीक्षक से कहा कि बिना वैध कारण मरीजों को रेफर किया जाता है तो संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

डीसी ने जीएनएम बिल्डिंग में संचालित मेडिसिन ओपीडी, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, दवा वितरण केंद्र, नेत्र ओपीडी, सर्जरी ओपीडी, ऑर्थाे ओपीडी, कान नाक गला ओपीडी, चर्म रोग ओपीडी, दंत रोग ओपीडी, पैथोलॉजी सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण कर सभी वार्डों में प्रतिनियुक्ति चिकित्सकों की जानकारी ली। इमरजेंसी वार्ड से लेकर ओपीडी वार्डों के रजिस्टर की जांच की। उन्होंने किस डॉक्टर की ड्यूटी किस दिन होती है से संबंधित जानकारी ओपीडी के बाहर चस्पा करने की बात कही।

मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, सिविल सर्जन डॉ अनिल श्रीवास्तव, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर,डॉ आर.के रंजन समेत अन्य उपस्थित थे।