पाकिस्तान के ब्रॉड पीक पर हिमस्खलन, नेपाली पर्वतारोही निर्मल पुर्जा समेत 10 लापता
काठमांडू, नेपाल के प्रसिद्ध पर्वतारोही निर्मल पुर्जा (निम्स दाई) पाकिस्तान के ब्रॉड पीक पर भीषण हिमस्खलन के बाद लापता बताए जा रहे पर्वतारोहियों के समूह में शामिल हैं। पाकिस्तान अल्पाइन क्लब के अनुसार, गुरुवार दोपहर काराकोरम पर्वत शृंखला में स्थित 8,047 मीटर ऊंचे ब्रॉड पीक पर चढ़ाई कर रहा एक दल हिमस्खलन की चपेट में आ गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इसकेे बाद 10 पर्वतारोहियों से संपर्क टूट गया है। इस दल में पांच नेपाली पर्वतारोही सहित पाकिस्तान, ओमान, चीन और अमेरिका के पर्वतारोही शामिल हैं, जिनमें विश्वप्रसिद्ध नेपाली पर्वतारोही निर्मल पुर्जा भी हैं।
निर्मल पुर्जा ने वर्ष 2019 में महज 6 महीने और 6 दिन के रिकॉर्ड समय में दुनिया की 8,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली सभी 14 चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त की थी। पाकिस्तान अल्पाइन क्लब ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि सरकारी अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर तलाशी एवं बचाव अभियान को तेज किया जा रहा है। क्लब के अनुसार, मौसम और परिचालन की परिस्थितियां अनुकूल होते ही हेलीकॉप्टर सहित सभी उपलब्ध बचाव संसाधनों को अभियान में लगाया जाएगा।















