चीन में तूफान बावी का कहर, बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द, रेल सेवाएं प्रभावित
बीजिंग, चीन के पूर्वी तट से टकराए टाइफून 'बावी' ने व्यापक
तबाही मचाई है। तेज़ हवा और मूसलाधार बारिश के कारण देशभर में हज़ारों
उड़ानें रद्द या विलंबित हो गई हैं, जबकि कई इलाकों में हाईस्पीड रेल
सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। हालात को देखते हुए चीनी प्रशासन ने बड़े
पैमाने पर आपातकालीन इंतज़ाम किए हैं।
चीन की सरकारी मीडिया शिन्हुआ
तथा अन्य मीडिया रिपाेर्ट के मुताबिक, टाइफून 'बावी' शनिवार को पूर्वी चीन
के झेजियांग प्रांत में पहुंचा, जिसके बाद दक्षिणी और पूर्वी चीन के कई
हिस्सों में भारी बारिश शुरू हो गई। ट्रैवल एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म
'उमेट्रिप' के हवाले से बताया गया है कि रविवार के लिए निर्धारित 2,800 से
अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।
तूफ़ान का असर
शंघाई, नानजिंग, हांग्झू, वुहान, शेनयांग, डालियान और चेंगदू समेत कई बड़े
शहरों पर पड़ा है। दक्षिण-पूर्वी फुजियान, झेजियांग, दक्षिणी गुआंग्शी और
हैनान के हवाई अड्डों पर भी बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द की गई हैं। वहीं,
बीजिंग कैपिटल इंटरनेशनल एयरपोर्ट और बीजिंग डैक्सिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट
पर खराब मौसम के कारण कई उड़ानों में देरी हुई।
पूर्वी चीन के
जियांग्सू प्रांत में शंघाई, हांग्झू और चांगझू समेत 45 हवाई अड्डों ने
तूफ़ान को लेकर अलर्ट जारी किया है। शंघाई पुडोंग और शंघाई होंगकियाओ
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की परिचालन क्षमता भी प्रभावित हुई है, जहां
लगभग 30 प्रतिशत उड़ानें रद्द होने की आशंका जताई गई है।
रेल
यातायात भी इससे अछूता नहीं रहा। कई क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर
हाईस्पीड ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
इस
बीच, चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट
और टाइफून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार,
झेजियांग, उत्तरी फुजियान, दक्षिणी अनहुई, उत्तर-पूर्वी जियांग्शी, बीजिंग
और हेबेई के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से अत्यधिक भारी
बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में 250 से 500 मिलीमीटर, जबकि
ताइवान के कुछ हिस्सों में 800 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।
टाइफून
के खतरे को देखते हुए चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने शंघाई,
जियांग्सू, अनहुई, जियांग्शी और सिचुआन में बाढ़ एवं टाइफून नियंत्रण के
लिए लेवल-4 आपातकालीन प्रतिक्रिया लागू कर दी है। वहीं, जल संसाधन मंत्रालय
ने झेजियांग और फुजियान में बाढ़ नियंत्रण के लिए आपातकालीन स्तर को
बढ़ाकर लेवल-3 कर दिया है। परिवहन मंत्रालय ने भी भारी बारिश के मद्देनज़र
उच्च स्तरीय आपातकालीन व्यवस्था लागू की है।
प्रशासन ने तटीय इलाकों
में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है, मछली पकड़ने वाली नौकाओं
को बंदरगाहों में रोक दिया गया है और राहत शिविरों में लोगों के रहने की
व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और
मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।














