धनबाद,  धनबाद कोयलांचल में चैती महादुर्गा पूजा पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है और हर कोई मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने पहुंच रहा है। इसी कड़ी में झगराही गांव अपनी 350 साल पुरानी परंपरा को आज भी जीवित रखे हुए है।

झगराही गांव में चैती महादुर्गा पूजा का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है। बताया जाता है कि अंग्रेजी हुकूमत के समय से ही यहां यह पूजा निरंतर होती आ रही है। इस पूजा की खास बात यह है कि इसका पूरा आयोजन गांव के ब्राह्मण परिवार की ओर से ही किया जाता है। हर सदस्य को अलग-अलग जिम्मेदारी दी जाती है, जिससे परंपरा की निरंतरता बनी रहती है।

मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने की परंपरा भी पीढ़ियों से चली आ रही है। जिन मूर्तिकारों ने शुरुआत में प्रतिमा बनाई थी, उनके ही वंशज आज भी उसी स्वरूप को बनाए रखते हुए प्रतिमा का निर्माण करते हैं। पूजा के दौरान विशेष नियमों का पालन किया जाता है, जैसे दशमी के दिन ही महिलाओं को मंदिर के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जाती है।

इस पूजा की एक और अनोखी विशेषता है कि मां को केवल गुड़ से बने प्रसाद का ही भोग लगाया जाता है। साथ ही, गांव की विवाहित बेटियां चाहे जहां भी हों, इस पूजा में शामिल होने जरूर आती हैं, जिससे पारिवारिक और सांस्कृतिक जुड़ाव मजबूत होता है।

अष्टमी के दिन सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर मां से अपनी मनोकामनाएं मांगते नजर आए। गांव के ब्राह्मण परिवार के सदस्यों का कहना है कि वे सदियों से इस परंपरा को पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ निभाते आ रहे हैं और आगे भी इसे बनाए रखेंगे।