महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
किशनगंज, चैत्र नवरात्रि का नौ दिवसीय पर्व शुक्रवार को महानवमी के साथ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया।
इस अवसर पर देवी दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। किशनगंज सहित देशभर के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विशेष प्रार्थनाएं कर सुख-समृद्धि की कामना की। महानवमी के अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर परिसरों को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनियों एवं तोरण द्वारों से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री को अणिमा, महिमा, गरिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, ईशित्व एवं वशित्व सहित आठ प्रमुख सिद्धियों की दाता माना जाता है।
स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। भक्तों ने मां सिद्धिदात्री से सुख-समृद्धि एवं मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की।















