देवर्षि नारद पत्रकारिता पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित
जयपुर, विश्व संवाद केंद्र, जयपुर की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित
किए जाने वाले देवर्षि नारद पत्रकारिता सम्मान 2026 के लिए इस वर्ष भी
प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। यह सम्मान पत्रकारिता के क्षेत्र में
उत्कृष्ट और समाजहित में किए गए कार्यों के लिए चयनित पत्रकारों को देवर्षि
नारद जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा।
विश्व
संवाद केंद्र के निदेशक डॉ. ईश्वर बैरागी ने बताया कि यह सम्मान प्रांत
स्तरीय होगा, जिसमें प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और न्यू मीडिया
(डिजिटल/सोशल मीडिया) से जुड़े पत्रकार भाग ले सकते हैं। इच्छुक पत्रकार
निर्धारित ऑनलाइन लिंक https://vskjaipur.com/journalist-form/ के माध्यम
से अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं। पुरस्कार के लिए वही कार्य मान्य
होंगे, जो 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच किए गए हों। साथ ही आवेदक
का कार्यक्षेत्र जयपुर प्रांत के अंतर्गत आने वाले जिलों सीकर, चूरू,
झुंझुनूं, अलवर, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, भरतपुर, डीग, धौलपुर,
करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, टोंक और जयपुर में होना आवश्यक है।
आवेदन
करते समय पत्रकारों को अपने दो सर्वश्रेष्ठ और मौलिक कार्यों की जानकारी
देनी होगी, जो देश और समाज से जुड़े हों। इसके लिए पेपर कटिंग, वीडियो लिंक
या अन्य प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य है। साथ ही समाचार या स्टोरी आवेदक
की बायलाइन में प्रकाशित हो या संपादक द्वारा प्रमाणित होना चाहिए। आवेदन
की अंतिम तिथि 22 अप्रैल 2026 रखी गई है।
पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए विशेष अवसर
देवर्षि
नारद जयंती के उपलक्ष्य में पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए लेखन
प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में पांच
महत्वपूर्ण विषयों भारत की समृद्धि का मार्ग: स्वदेशी का उपयोग,
पर्यावरणपरक भारतीय जीवन शैली, समरस समाज के निर्माण में मीडिया की भूमिका,
बदलते सामाजिक परिवेश में संयुक्त परिवार का महत्व तथा युवा और पंच
परिवर्तन पर लेख आमंत्रित किए गए हैं।
प्रत्येक विषय में एक
सर्वश्रेष्ठ लेख को नकद पुरस्कार दिया जाएगा, इस प्रकार कुल पांच लेखों को
पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा अन्य चयनित प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र
भी प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विषय
पर अपना लेख भेज सकता है। छात्र अपने लेख 25 अप्रैल 2026 तक निर्धारित
ईमेल devrishinarad.samman@gmail.com पर अपनी पूरी जानकारी के साथ भेज सकते
हैं।















