सावन का दूसरा दिन: बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का महासैलाब, बोल बम के जयघोष से गूंजा देवघर
देवघर: सावन माह के दूसरे दिन भी विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, बेलपत्र, भांग, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर और पूरी देवघर नगरी "बोल बम", "हर-हर महादेव" और "बाबा नगरी" के जयघोष से भक्तिमय माहौल में डूबी रही। सुल्तानगंज से पैदल जल लेकर पहुंचे हजारों कांवड़िए लगातार बाबा के दरबार में पहुंच रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, चिकित्सा शिविर, पेयजल केंद्र तथा भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का पालन करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है। धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन माह में भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा और जलाभिषेक करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के साथ देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंच रहे हैं और पूरे श्रावणी मेले में भक्ति का अद्भुत वातावरण बना हुआ है। सावन का दूसरा दिन: बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का महासैलाब, 'बोल बम' के जयघोष से गूंजा देवघर















