नई दिल्ली,  विवेक विहार इलाके में रविवार शाम एक झुग्गी में छोटे एलपीजी सिलेंडर में ब्लास्ट होने से पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को पीसीआर की मदद से राजीव गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दोनों करीब 60 प्रतिशत तक झुलसे बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 4:24 बजे की है। विवेक विहार थाने के पीछे झुग्गी नंबर-11 में एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लग गई। इसके बाद छोटे सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो वाटर टेंडर और एक वाटर बाउजर मौके पर भेजे गए। एसटीओ देशपाल के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। शाम 4:55 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

हादसे में अनिल दास (35) और उनकी पत्नी खुशबू (30) झुलस गईं। अनिल दास के शरीर का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा झुलसा है, जबकि खुशबू भी करीब 60 प्रतिशत तक झुलसी हैं। दोनों को तत्काल पीसीआर के जरिये राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा छोटे एलपीजी सिलेंडर में ब्लास्ट के कारण हुआ। दमकल विभाग और पुलिस की टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है।